छत्तीसगढ़ी न्यूज़

धान खरीदी महाभियान 2025

किसानों की मेहनत को मिल रहा सम्मान

समय पर बारदाना मिलने व तौल से खुश हैं महिला किसान

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान के तहत सभी उपार्जन केंद्रों में सुदृढ़ एवं पारदर्शी व्यवस्था से किसानों में प्रसन्नता का माहौल है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम लोहारी की महिला किसान शैलेन्द्री वर्मा ने भी धान उपार्जन केंद्र सुहेला में समय पर बारदान उपलब्ध होने और त्वरित तौल की व्यवस्था की सराहना की है।

किसान शैलेन्द्री के पूरा परिवार की आय खेती पर आधारित है। वे 19 एकड़ में खेती करती हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए बेहतरीन प्रबंध किए गए हैं। केंद्र में आने वाले किसानों के लिए पीने के पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

केंद्र में समाधान पेटी भी स्थापित की गई है, जिसमें किसान अपना सुझाव आवेदन लिखकर डाल सकते हैं, इससे किसानों की बात सीधे प्रशासन तक पहुंच रही है और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण भी संभव हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों के हित में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदी किए जाने के निर्णय को लेकर भी किसान शैलेद्री वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अत्यंत लाभकारी और सराहनीय है। शैलेन्द्री वर्मा ने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “इस वर्ष धान खरीदी की पूरी व्यवस्था सुचारू और सुविधाजनक है। समय पर बारदान मिला, समय पर तौल हुई और किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आई। सरकार और प्रशासन, किसानों के साथ खड़े हैं, इसके लिए हम हृदय से धन्यवाद देते हैं।”

जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले के हर उपार्जन केंद्र में किसान सहज, सुरक्षित और सम्मानपूर्वक धान बेच सकें, एवं खरीदी कार्य तत्परता, पारदर्शिता और किसान-हित की भावना के साथ सतत जारी रहे।

Related Articles

Back to top button